चार साल बाद वनडे में शतक जड़ने वाले पूर्व कप्तान धौनी ने एक नया इतिहास भी रच दिया है।

महेंद्र सिंह धौनी ने इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में 134 रनों की लाजवाब पारी खेलकर सबका दिल जीत लिया। चार साल बाद वनडे में शतक जड़ने वाले पूर्व कप्तान धौनी ने एक नया इतिहास भी रच दिया है।

दरअसल, ये रिकॉर्ड है वनडे क्रिकेट में सर्वाधिक छक्कों का। धौनी ने मैच के 43वें ओवर में एक शानदार छक्के के साथ अपने स्कोर को 99 तक पहुंचाया था और यही वो छक्का था जिससे वो वनडे क्रिकेट में 200 छक्के जड़ने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बन गए। उन्होंने भारत की तरफ से सर्वाधिक छक्कों के मामले में पूर्व महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ दिया है जिनके नाम वनडे क्रिकेट में 195 छक्के दर्ज थे। इसके साथ ही धौनी सर्वाधिक छक्के जड़ने के मामले में दुनिया के चौथे खिलाड़ी बन गए हैं। उम्मीद है कि आने वाले दिनों में धौनी छक्के मारने वाले इन दिग्गजों को कड़ी टक्कर देंगे और क्रिकेट प्रशंसकों का भरपूर मनोरंजन करेंगे।कटक।

ये हैं वनडे क्रिकेट में सर्वाधिक छक्के जड़ने वाले टॉप-5 क्रिकेटर

1. शाहिद अफरीदी (पाकिस्तान)- 351 छक्के

2. सनथ जयसूर्या (श्रीलंका)- 270 छक्के

3. क्रिस गेल (वेस्टइंडीज)- 238 छक्के

4. एमएस धौनी (भारत)- 203 छक्के

5. ब्रेंडन मैकुलम (न्यूजीलैंड)- 200 छक्के