भारत के कैलाश सत्यार्थी और पाकिस्तान की मलाला यूसुफजयी को शुक्रवार को 2014 के लिए शांति का नोबेल पुरस्कार संयुक्त रूप से देने की घोषणा की गई। दोनों को यह पुरस्कार उपमहाद्वीप में बाल अधिकारों को प्रोत्साहित करने के उनके कार्य के लिए प्रदान किया जाएगा। कैलाश सत्यार्थी के बारे में 10 बातें.कैलाश सत्यार्थी का जन्म 11 जनवरी, 1954 को विदिशा में हुआ था जो कि मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के पास स्थित है।साठ वर्षीय सत्यार्थी भारत में पैदा होने वाले आठवें नोबेल पुरस्कार विजेता हैं।वे पेशे से इले‍क्ट्रीकल इंजीनियर हैं, लेकिन उन्होंने 26 वर्ष की उम्र में अपना जीवन बच्चों को गुलामी से उबारने के ‍काम में लगा दिया था। उन्होंने बाल श्रम के खिलाफ अपने आंदोलन को ‘सबके लिए शिक्षा’ से भी जोड़ा और इसके लिए यूनेस्को द्वारा चलाए गए कार्यक्रम से भी जुड़े। वे ग्लोबल पार्टनरशिप फॉर एजुकेशन के बोर्ड में भी शामिल रहे हैं। इसके साथ ही उन्हें बाल श्रम के खिलाफ और बच्चों की शिक्षा के लिए देश और विदेश में बनाए गए कानूनों, संधियों और संविधान संशोधन कराने में अहम भूमिका निभाने का श्रेय दिया जाता है।