भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने जलगांव जिले में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा, इससे पहले सरहद पार से गोलीबारी होती थी और अब भी सरहद पार से गोलीबारी होती है। पहले, पाकिस्तान गोलीबारी शुरू करता था और अंत भी करता था। अब, पाकिस्तान गोलीबारी शुरू करता है लेकिन यह भारतीय सेना है जो इसे अंत करती है। शाह ने कहा, हमें बताया गया है कि अभी और जब कांग्रेस सत्ता में थी, तब सरहद की स्थिति में कोई फर्क नहीं आया है। सोनियाजी, आप विदेशी चश्मा पहने हैं। मैं आपको बताऊंगा कि मोदी सरकार के सत्ता में आने के बाद क्या फर्क आया है। हम पाकिस्तान को जैसे का तैसा जवाब दे रहे हैं। भाजपा अध्यक्ष ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को मौनी बाबा बताते हुए कहा, पूरा देश उनके बोलने का इंतजार करता रहा, लेकिन उन्होंने अपना मुंह नहीं खोला। अब, हमें एक प्रधानमंत्री मिला है जो बोलता है। शाह ने कहा, जब मनमोहन सिंह विदेशी यात्रा पर जाते थे कोई इसके बारे में नहीं जानता था। लेकिन जब मोदी यही करते हैं तो दुनिया जानती है। उन्होंने सवाल किया, क्या आपको खुशी नहीं होती जब अमेरिका में गोरे मोदी का भाषण सुनने के लिए पंक्तिबद्ध होते हैं। शाह ने कहा कि जब अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार के बाद संप्रग सरकार आई थी तो देश की विकास दर 8.4 प्रतिशत थी। 10 साल बाद जब आपने बागडोर मोदी सरकार को सौंपी तो यह गिरकर 4.2 फीसद पर आ गई। भाजपा प्रमुख ने कहा, पिछले तीन महीनों में विकास दर चढ़ कर 5.7 पर पहुंची है। यह हमारी उपलब्धि है। (भाषा)